Photo by Shelby Murphy Figueroa on Unsplash
परिचय
नमस्कार दोस्तों,
BhojpuriTrend में आपका एक बार फिर से हार्दिक स्वागत है।
आज मैं एक ऐसे विषय पर बात करने जा रही हूँ, जिस पर हमारे देश में बहुत कम खुलकर चर्चा होती है। यह विषय है “Aspirants Student ke Liye Side Income” यानी प्रतियोगी परीक्षाओं या उच्च शिक्षा की तैयारी के दौरान छोटी-मोटी कमाई या पार्ट-टाइम काम करना।
भारत में आज भी अधिकांश विद्यार्थी और उनके माता-पिता यह मानते हैं कि पढ़ाई के साथ किसी प्रकार की नौकरी या अतिरिक्त आय शुरू करने से पढ़ाई पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। उन्हें लगता है कि इससे समय कम मिलेगा, ध्यान भटकेगा और सफलता मिलने की संभावना भी घट जाएगी।
कई माता-पिता अपने बच्चों से कहते हैं कि तुम केवल पढ़ाई पर ध्यान दो, बाकी सभी जिम्मेदारियाँ हम संभाल लेंगे। उनका उद्देश्य बच्चों को आर्थिक बोझ से बचाना होता है, लेकिन कई बार यही सोच बच्चों के वास्तविक जीवन के अनुभवों को सीमित कर देती है।
मुझे हमेशा ऐसा लगता है कि यह स्थिति कुछ वैसी ही होती है, जैसे माता-पिता बच्चे को उंगली पकड़कर चलना तो सिखा देते हैं, लेकिन उसे दौड़ने के लिए हाथ छोड़ने से डरते हैं। उन्हें चिंता रहती है कि कहीं बच्चा गिर न जाए, जब तक छोड़ोगे नहीं तो बच्चा दौड़ेगा कैसे?
लेकिन जीवन का एक बड़ा सच यह भी है कि इंसान केवल किताबों से नहीं सीखता। वास्तविक अनुभव, छोटी-छोटी जिम्मेदारियाँ और कठिन परिस्थितियाँ हमें जीवन की सबसे महत्वपूर्ण सीख देती हैं।
मैं हमेशा एक बात कहती हूँ कि “बादाम खाने से बुद्धि नहीं आती, ठोकर खाने से आती है।” यही कारण है कि मेरा मानना है कि हर विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ अपने समय और परिस्थितियों के अनुसार कुछ न कुछ सीखने और कमाने का प्रयास अवश्य करना चाहिए।
Aspirants Student ke Liye Side Income क्यों जरूरी है?
अब आपके मन में यह प्रश्न आ सकता है कि जब घर से सभी खर्च पूरे हो रहे हैं, तब पढ़ाई के साथ कमाने की आवश्यकता ही क्या है? क्या पूरा समय केवल पढ़ाई को नहीं देना चाहिए? यह सवाल बिल्कुल स्वाभाविक है। लेकिन मैं आपसे एक छोटा-सा प्रश्न पूछना चाहती हूँ। इमानदारी से बताइए कि आप पूरे दिन में कितने घंटे वास्तव में एकाग्र होकर पढ़ सकते हैं?
यदि आप उन विद्यार्थियों से बात करेंगे जिन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है, तो अधिकांश लोग यही बताएँगे कि प्रतिदिन पाँच से छह घंटे की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई पर्याप्त होती है। इसके अलावा शरीर को पर्याप्त आराम, अच्छी नींद, मानसिक संतुलन और पढ़े हुए विषयों का नियमित revision करना भी उतना ही आवश्यक होता है।
इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि बाकी पूरा समय खाली रहता है। यदि सही योजना बनाई जाए, तो प्रतिदिन तीन से चार घंटे ऐसे निकाले जा सकते हैं जिनमें विद्यार्थी कोई पार्ट-टाइम काम, फ्रीलांस कार्य या छोटी आय का स्रोत विकसित कर सकता है।
लेकिन सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न अभी भी वही है कि आखिर ऐसा करना क्यों चाहिए? आइए इसे विस्तार से समझते हैं।
1. पढ़ाई के साथ काम करने से व्यावहारिक अनुभव मिलता है
आप जिस भी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षा या पेशे की तैयारी कर रहे हैं, अंततः आपको उसी क्षेत्र में काम करना है। यदि आपको पहले से ही उस कार्य का थोड़ा अनुभव मिल जाए, तो भविष्य में नौकरी करना कहीं अधिक आसान हो जाता है। आज कई कंपनियाँ और संस्थान ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देते हैं जिन्होंने पढ़ाई के साथ किसी न किसी प्रकार का कार्य अनुभव प्राप्त किया हो।
कई प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रोफेशनल इंटरव्यू में भी यह अनुभव आपके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का सकारात्मक परिचय देता है| इसलिए यदि अवसर मिले, तो अपने क्षेत्र से जुड़े किसी छोटे कार्य को सीखने में बिल्कुल संकोच नहीं करना चाहिए।
2. पार्ट-टाइम काम मानसिक तनाव कम करता है
लगातार कई महीनों तक केवल पढ़ाई करते रहने से मन और दिमाग दोनों थकने लगते हैं। ऐसी स्थिति में पढ़ाई बोझ जैसी महसूस होने लगती है और विषयों में रुचि भी धीरे-धीरे कम होने लगती है। जब आप कुछ समय के लिए किसी दूसरे रचनात्मक कार्य या पार्ट-टाइम नौकरी में समय देते हैं, तो आपका मन तरोताजा हो जाता है।
नई जगह, नए लोग और अलग प्रकार का काम आपके दिमाग को एक सकारात्मक बदलाव देता है। एक पुरानी कहावत है कि भरे हुए डिब्बे में कुछ नया नहीं रखा जा सकता। ठीक उसी प्रकार हमारा दिमाग भी लगातार जानकारी भरते रहने से थक जाता है।
जब हम कुछ समय के लिए पढ़ाई से अलग किसी उपयोगी कार्य में लगते हैं, तो मन को नया उत्साह मिलता है और दोबारा पढ़ाई में ध्यान लगाना आसान हो जाता है।
3. छोटी-सी कमाई भी माता-पिता की बड़ी मदद बन सकती है
हम सभी जानते हैं कि हर परिवार आर्थिक रूप से समान नहीं होता। आज भी देश में लाखों ऐसे माता-पिता हैं जो अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। कई माता-पिता अपनी छोटी-छोटी इच्छाओं को छोड़कर केवल इसलिए बचत करते हैं ताकि उनके बच्चे बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
ऐसी स्थिति में यदि कोई विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के साथ थोड़ी-बहुत आय शुरू कर दे, तो उसका लाभ केवल उसे ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को मिलता है। जरूरी नहीं कि आप अपनी पूरी पढ़ाई का खर्च स्वयं उठाएँ।
यदि आप अपने मासिक खर्च का केवल तीस या चालीस प्रतिशत भी स्वयं निकालने लगें, तो यह आपके माता-पिता के लिए बहुत बड़ी राहत बन सकती है।
मैं यहाँ अपना एक व्यक्तिगत अनुभव भी साझा करना चाहूँगी। जब मैं कॉलेज के पहले वर्ष की पढ़ाई पूरी करके दूसरे वर्ष में पहुँची, तब मैंने घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया। उस समय मेरी कमाई बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन उससे मैं अपने लगभग आधे व्यक्तिगत खर्च पूरे कर लेती थी। उस समय मेरे छोटे भाई का भी कॉलेज में प्रवेश हो चुका था और उसकी फीस मेरी तुलना में काफी अधिक थी।
मैंने अपने माता-पिता को कभी शिकायत करते हुए नहीं देखा, लेकिन घर की बड़ी संतान होने के कारण उनकी जिम्मेदारियाँ और आर्थिक परेशानियाँ मैं आसानी से समझ सकती थी। मेरे पिताजी अपनी बचत और overtime करके किसी तरह हम दोनों भाइयों की पढ़ाई का खर्च पूरा करते थे। उन्होंने कभी मुझसे कुछ नहीं कहा, लेकिन मुझे हमेशा लगता था कि यदि मैं अपनी छोटी-सी जिम्मेदारी भी स्वयं उठा सकूँ, तो उनके कंधों का बोझ थोड़ा हल्का हो जाएगा।
आज पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो महसूस होता है कि उस समय की वह छोटी-सी कमाई केवल पैसों की मदद नहीं थी। उसने मुझे आत्मनिर्भर बनना सिखाया, जिम्मेदारियों को समझना सिखाया और जीवन के वास्तविक संघर्षों से परिचित कराया। यही अनुभव आगे चलकर मेरे आत्मविश्वास की सबसे बड़ी ताकत बने।
4. मेडिकल की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए क्लिनिक में पार्ट-टाइम काम एक बेहतरीन अवसर
यदि आप मेडिकल प्रवेश परीक्षा, नर्सिंग, फार्मेसी या किसी अन्य स्वास्थ्य क्षेत्र की तैयारी कर रहे हैं, तो डॉक्टर के क्लिनिक में पार्ट-टाइम काम करना आपके लिए एक शानदार सीखने का अवसर हो सकता है।
किसी अनुभवी डॉक्टर के साथ काम करने से आपको यह समझने का अवसर मिलेगा कि मरीजों से व्यवहार कैसे किया जाता है, क्लिनिक का संचालन किस प्रकार होता है और रोज़मर्रा की चिकित्सा प्रक्रिया कैसे चलती है। ऐसी कई बातें होती हैं जो किताबों में केवल सिद्धांत के रूप में पढ़ाई जाती हैं, लेकिन उनका वास्तविक अनुभव केवल कार्यस्थल पर ही प्राप्त होता है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आपको एक अनुभवी डॉक्टर का मार्गदर्शन भी मिलता है, जो आपकी पढ़ाई, करियर और भविष्य की तैयारी में काफी मददगार साबित हो सकता है। यदि आपको सप्ताह में कुछ घंटे भी ऐसा अवसर मिल जाए, तो यह आपके आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान दोनों को मजबूत बना सकता है।
5. फ्रीलांसिंग: अपनी प्रतिभा और ज्ञान से कमाई करने का सबसे लचीला तरीका
आज के डिजिटल युग में Aspirants Student ke Liye Side Income का सबसे लोकप्रिय विकल्प फ्रीलांसिंग बन चुका है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आप अपनी सुविधा के अनुसार समय चुन सकते हैं और अपनी रुचि या कौशल के आधार पर काम कर सकते हैं। यदि आप किसी विषय में अच्छे हैं, तो वही आपकी कमाई का माध्यम भी बन सकता है।
यदि आपको ड्राइंग या डिजाइनिंग पसंद है
यदि आपकी रुचि स्केचिंग, पेंटिंग, ग्राफिक डिजाइन या डिजिटल आर्ट में है, तो आपके लिए कमाई के कई अवसर मौजूद हैं। आज अनेक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ऐसे हैं जहाँ कलाकार अपनी पेंटिंग और डिज़ाइन बेचकर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। इसके अलावा आप स्थानीय दुकानों, स्कूलों, कोचिंग संस्थानों या छोटे व्यवसायों के लिए पोस्टर, बैनर, फ्लायर, सोशल मीडिया पोस्ट और प्रचार सामग्री भी डिज़ाइन कर सकते हैं।
इस प्रकार आपकी रचनात्मकता भी विकसित होती है और पढ़ाई के साथ अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती रहती है।
B.Com. और CA विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन अवसर
यदि आप बी.कॉम. के विद्यार्थी हैं या CA/CS की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके पास व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आप अपने आसपास के लोगों को आयकर रिटर्न (ITR) भरने, टैक्स रिफंड, वित्तीय दस्तावेज़ तैयार करने या छोटे व्यापारियों का हिसाब-किताब (Accounts) व्यवस्थित करने में सहायता कर सकते हैं।
कई छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को Accounts संभालने वाले विश्वसनीय लोगों की आवश्यकता होती है।ऐसे कार्यों से आपको अतिरिक्त आय के साथ-साथ वास्तविक financial अनुभव भी प्राप्त होगा, जो भविष्य में आपके करियर के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगा।
6. डिलीवरी पार्टनर बनकर भी कर सकते हैं अतिरिक्त कमाई
यदि आपकी किसी विशेष विषय में रुचि नहीं है, लेकिन आपको नए लोगों से मिलना, बाहर घूमना और वाहन चलाना पसंद है, तो डिलीवरी पार्टनर का कार्य भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए आपके पास केवल बाइक या स्कूटर और वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए।
आज कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे फूड डिलीवरी, ग्रोसरी डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स सेवाएँ विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार काम करने का अवसर देती हैं। इस प्रकार के कार्य की सबसे बड़ी विशेषता इसकी लचीलापन (Flexibility) है। आप अपनी पढ़ाई के अनुसार सप्ताह में दो दिन, तीन दिन या केवल छुट्टियों में भी काम कर सकते हैं।
जब आपको लगे कि आज की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त कमाई हो चुकी है, तो आप उसी समय काम बंद कर सकते हैं। यही स्वतंत्रता इस प्रकार की पार्ट-टाइम नौकरी को विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय बनाती है। हालाँकि, हमेशा यह ध्यान रखें कि आपकी पढ़ाई प्राथमिकता होनी चाहिए और पार्ट-टाइम कार्य केवल संतुलित समय में ही किया जाए।
निष्कर्ष: पढ़ाई और कमाई दोनों साथ-साथ संभव हैं
इस पूरे लेख का उद्देश्य केवल इतना है कि Aspirants Student ke Liye Side Income को बोझ नहीं, बल्कि सीखने और आत्मनिर्भर बनने का एक अवसर माना जाए। भारत में अब धीरे-धीरे यह सोच बदल रही है, लेकिन कई विकसित देशों में विद्यार्थी वर्षों से पढ़ाई के साथ काम करते आ रहे हैं। आपने कई सफल लोगों की कहानियाँ सुनी होंगी, जिन्होंने छात्र जीवन में छोटे-छोटे काम करके अपने अनुभव और आत्मविश्वास को मजबूत बनाया।
लोकप्रिय फिल्म “12th Fail” भी हमें यही संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों में मेहनत, धैर्य और सही दिशा इंसान को सफलता तक पहुँचा सकती है। पढ़ाई के साथ किया गया हर छोटा अनुभव केवल आर्थिक सहायता नहीं देता, बल्कि समय प्रबंधन, जिम्मेदारी, संवाद कौशल और आत्मविश्वास भी सिखाता है।
इसीलिए यदि आपके पास प्रतिदिन कुछ अतिरिक्त समय है, तो अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार कोई ऐसा कार्य अवश्य चुनें जो आपकी पढ़ाई में बाधा बनने के बजाय उसे और मजबूत बनाए।
मुझे पूरी उम्मीद है कि यह लेख आपको सही निर्णय लेने में मदद करेगा। यदि इस विषय से जुड़ा आपका कोई प्रश्न, सुझाव या अनुभव हो, तो आप मुझे ईमेल के माध्यम से लिख सकते हैं। 📧 ईमेल: kiatree.infotech@gmail.com
मैं आपके प्रत्येक संदेश का उत्तर देने और अपनी ओर से पूरी सहायता करने का प्रयास करूँगी। यदि आपको यह लेख उपयोगी लगा हो, तो इसे अपने उन मित्रों के साथ अवश्य साझा करें जो प्रतियोगी परीक्षाओं या उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं। हो सकता है, यह जानकारी उनके भविष्य के लिए भी उपयोगी साबित हो।
धन्यवाद।